कार्तिकेयजीने कहा: प्रभो ! रुद्राक्ष और आंवला इन दोनों फलोंकी पवित्रताको तो मै जान गया | अब मैं यह सुनना चाहता हूँ कि कौन सा ऐसा वृक्ष है जिसका पत्ता और फूल भी मोक्ष प्रदान करनेवाला है |
महादेवजी बोले: बेटा ! सब प्रकारके पत्तों और पुष्पोंकी अपेक्षा तुलसी ही श्रेष्ठ मानी गयी है | वह परम मङ्गलमयी, समस्त कामनाओंको पूर्ण करनेवाली, सुद्ध, श्री विष्णुको अत्यंत प्रिय तथा वैष्णवी नाम धारण करनेवाली है | वह सम्पूर्ण लोकमे श्रेष्ठ, शुभ तथा भोग और मोक्ष प्रदान करनेवाली है | भगवान् श्री विष्णुने पूर्वकालमें सम्पूर्ण लोकोका हित करनेके लिये तुलसीका वृक्ष रोपा था | तुलसीके पत्ते और पुष्प सब धर्मोंमे प्रतिष्ठित हैं | जैसे भगवान् श्री विष्णुको लक्ष्मी और मैं दोनों प्रिय हैं उसी प्रकार यह तुलसीदेवी भी परम प्रिय है | हम तीनके सिवा कोई चौथा ऐसा नहीं जान पड़ता जो भगवानको इतना प्रिय हो |
तुलसीदलके बिना दूसरे – दूसरे फूलो, पत्तो तथा चन्दन आदिके लेपोंसे भगवान श्री विष्णुको उतना संतोष नहीं होता | जिसने तुलसीदलके द्वारा पूर्ण श्राद्धके साथ प्रतिदिन भगवान श्री विष्णुका पूजन किया है, उसने दान, होम, यज्ञ, और व्रत आदि सब पूर्ण कर लिए | तुलसीदलसे भगवान् की पूजा कर लेलेपर कांति, सुख, भोगसामग्री, यश, लक्ष्मी, श्रेष्ठ कुल, शील, पत्नी, पुत्र, कन्या, धन, राज्य, आरोग्य, ज्ञान, विज्ञान, वेद, वेदांग, शास्त्र, पुराण, तंत्र और संहिता – सब कुछ में करतलगत समझता हूँ | जैसे पुण्यसलिला गंगा मुक्ति प्रदान करनेवाली हैं , उसी प्रकार यह तुलसी भी कल्याण करनेवाली हैं |
स्कन्द ! यदि मञ्जरीयुक्त तुलसीपत्रोंके द्वारा भगवान् श्री विष्णुकी पूजा की जाय तो उसके पुण्य फलका वर्णन करना असंभव है | जहां तुलसीका वन है वहीँ भगवान् श्री कृष्णकी समीपता है | तथा वही ब्रह्मा और लक्ष्मीजी भी सम्पूर्ण देवताओंके साथ विराजमान हैं | इसीलिए अपने निकटवर्ती स्थानमें तुलसीदेवीको रोपकर उनकी पूजा करनी चाहिये | तुलसीके निकट जो स्तोत्र – मन्त्र आदिका जप किया जाता है वह सब अनंतगुना फल देनेवाला होता है |
प्रेत, पिशाच, कूष्माण्डा, ब्रह्मराक्षस, भूत और दैत्य आदि सब तुलसीके वृक्षसे दूर भागते हैं | ब्रह्महत्या आदि पाप तथा पाप और खोटे विचारसे उत्पन्न होनेवाले रोग – ये सब तुलसीवृक्षके समीप नस्ट हो जाते हैं | जिसने श्री भगवानकी पूजाके लिए पृथ्वीपर तुलसीका बगीचा लगा रखा है, उसने उत्तम दक्षिणाओंसे युक्त सौ यज्ञोंका विधिवत अनुष्ठान पूर्ण कर लिया है | जो श्री भगवानकी प्रतिमाओं तथा शालग्राम – शिलाओंपर चढ़े हुए तुलसीदलको प्रसादके रूपमे ग्रहण करता है वह श्री विष्णुके सायुज्यको प्राप्त होता है |
जो श्री हरिकी पूजा करके उन्हें निवेदन किये हुए तुलसीदलको अपने मस्तकपर धारण करता है, वह पापसे शुद्ध होकर स्वर्गलोकको प्राप्त होता है | कलियुगमें तुलसीका पूजन, कीर्तन, ध्यान, रोपण, और धारण करनेसे वह पापको जलाती और स्वर्ग एवं मोक्ष प्रदान करती हैं | जो तुलसीके पूजन आदिका दूसरोंको उपदेश देता और स्वयं भी आचरण करता है वह भगवान श्री लक्ष्मीपतिके आराम धमको प्राप्ति होता है | जो वस्ति भगवान् श्री विष्णुको प्रिय जान पड़ती है, वह मुझे भी अत्त्यन्त प्रिय है | श्राद्ध और यज्ञ आदि कार्योमें तुलसी का एक पत्ता भी महान पुण्य प्रदान करनेवाला है | जिसने तुलसीकी सेवा की है, उसने गुरु, ब्राह्मण, देवता और तीर्थ – सबका भलीभांति सेवन कर लिया |
इसलिए षडानन | तुम तुलसीका सेवन करो | जो शिखामे तुलसी स्थापित करके प्राणोंका परित्याग करता है, वह पापराशीसे मुक्त हो जाता है | राजसूय आदि यज्ञ, भाँति – भाँतिके व्रत तथा संयमके द्वारा धीर पुरुष जिस गतिको प्राप्त करता है, वही उसे तुलसीकी सेवासे मिल जाती है | तुलसीके एक पत्रसे श्री हरिकी पूजा करके मनुष्य वैष्णवत्वको प्राप्त होता है | उसके लिए अन्यान्य शास्त्रोंके विस्तारकी क्या आवश्यकता ही | जिसने तुलसीकी शाखा तथा कोमल पतियोंसे भगवान् श्री विष्णुकी पूजा की है, वह कभी माता का दूध नहीं पिता – उसका पुनर्जन्म नहीं होता | कोमल तुलसीदलोंके द्वारा प्रतिदिन श्री हरिकी पूजा करके मनुष्य अपनी सैकड़ों और हजारो पीढ़ियोंको पवित्र कर सकता है |
तात ! ये मैंने तुमसे तुलसीके प्रधान – प्रधान गुण बतलाये हैं | सम्पूर्ण गुणोंका वर्णन तो बहुत अधिक समय लगानेपर भी नहीं हो सकता | यह उपाख्यान पुण्यराशिका सञ्चय करनेवाला है | जो प्रतिदिन इसका श्रवण करता है , वह पूर्वजन्मके किये हुए पाप तथा जन्म – मृत्युके बन्धनसे मुक्त हो जाता है | बेटा ! इस अध्यायके पाठ करनेवाले पुरुषको कभी रोग नहीं सताते , अज्ञान उसके निकट नहीं आता | उसकी सदा विजय होती है |
पद्मपुराण सृष्टिखण्ड पृष्ठ न. २००

